Wednesday 2 September 2015

समाजवादी पेंशनर बढऩे का सर्वाधिक लाभ सोनभद्र को

गौतमबुद्ध नगर के सबसे कम लोगों को मिलेगा लाभ
जिलाधिकारियों को 31 अगस्त तक डाटा भेजने के निर्देश
राज्य ब्यूरो, लखनऊ
प्रदेश सरकार ने इस साल पांच लाख नए पेंशनरों को समाजवादी पेंशन देने का फैसला किया है। इसका सर्वाधिक लाभ सोनभद्र को मिलेगा। गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम पेंशनर बढ़ेंगे।
समाज कल्याण विभाग प्रदेश में समाजवादी पेंशन वितरण का जिम्मा संभालता है। वर्ष 2014-15 में 40 लाख परिवारों को समाजवादी पेंशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें से 33 लाख से अधिक लोगों को पेंशन का भुगतान भी किया जा चुका है। मौजूदा वित्तीय वर्ष 2015-16 में पांच लाख नए परिवारों का चयन कर कुल 45 लाख परिवारों को पेंशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सर्वाधिक 20175 लोगों को सोनभद्र से पेंशन के लिए चुनने का फैसला हुआ है। लाभार्थियों के मामले में गौतमबुद्ध नगर सबसे पीछे है। वहां से 521 नए लोगों को समाजवादी पेंशन देने का फैसला हुआ है। मंडल स्तर पर देखा जाए तो लखनऊ मंडल से सर्वाधिक 49164 और सहारनपुर मंडल से सबसे कम 11708 लोगों को समाजवादी पेंशन दी जाएगी। इनके अलावा अलीगढ़ मंडल में 14370, आगरा मंडल में 19938, आजमगढ़ मंडल में 24873, इलाहाबाद मंडल में 36315, कानपुर मंडल में 34407, गोरखपुर मंडल में 28953, चित्रकूटधाम मंडल में 37044, झांसी मंडल में 20846, देवीपाटन मंडल में 29558, फैजाबाद मंडल में 30702, बरेली मंडल में 33657, बस्ती मंडल में 17593, मुरादाबाद मंडल में 28334, मेरठ मंडल में 15896, वाराणसी मंडल में 32845, विन्ध्याचल मंडल में 33797 लोगों को समाजवादी पेंशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें भी अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति, जनजाति व अन्य के लिए अलग-अलग लक्ष्य हैं। जिलाधिकारियों को इन लाभार्थियों का चयन कर 31 अगस्त हर हाल में ऑनलाइन डाटा अपलोड करने के निर्देश दिये गए हैं।
सबसे ज्यादा लाभार्थी
सोनभद्र : 20175
महोबा : 14823
बदायूं : 14247
इलाहाबाद : 11231
आजमगढ़ : 11164
सबसे कम लाभार्थी 
गौतमबुद्ध नगर : 521
हापुड़ : 911
बागपत : 1070
शामली : 1500
गाजियाबाद : 1500

No comments:

Post a Comment